ऊना में विवाहिता ने फं*दा लगाकर दी जान: 5 महीने पहले हुई थी शादी-पति समेत 5 के खिलाफ केस दर्ज
ऊना जिले के बाथू क्षेत्र से एक दर्दनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भदसाली निवासी इंदुबाला की बेटी शिवानी ठाकुर की शादी 12 नवंबर 2025 को बाथू निवासी हनी कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। मृतका की मां का कहना है कि पति, सास, ननद, ननदोई और देवर मिलकर शिवानी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहे थे।
इंदुबाला ने टाहलीवाल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर शिवानी ने 25 अप्रैल को अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।












