स्वतंत्रता सेनानी की 90 वर्षीय वृद्धा पत्नी ने उठाई न्याय की गुहार, लालटेन लेकर पहुंचीं DC के दरबार
बिलासपुर। जिला बिलासपुर के उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत करलोटी में एक भावुक और चिंताजनक मामला सामने आया है। स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अमर नाथ डोगरा की 90 वर्षीय पत्नी राम प्यारी अपने साथ कथित मारपीट, प्रताड़ना और पुश्तैनी मकान की मरम्मत न करने देने के विरोध में उपायुक्त कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गईं। हाथ में लालटेन लेकर धरने पर बैठीं वृद्धा ने प्रशासन को शिकायत पत्र सौंपते हुए न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई।
राम प्यारी ने बताया कि उनका पुश्तैनी मकान जर्जर हालत में पहुंच चुका है। मकान की छत पूरी तरह गल-सड़ गई है और कभी भी गिर सकती है। उन्होंने मकान की मरम्मत के लिए मिस्त्री लगाए, लेकिन गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें काम करने से रोक दिया।
वृद्धा के अनुसार, जिस जमीन पर उनका मकान स्थित है, उसकी अब तक तक्सीम नहीं हुई है और मामले में स्टे लगा हुआ है। हालांकि, स्टे आदेश में मकान की मरम्मत करने की अनुमति दी गई है। इसके बावजूद उन्हें छत बदलने नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। वृद्धा ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और अपने पुश्तैनी मकान की मरम्मत कराने में सहयोग देने की मांग की है। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है और लोग स्वतंत्रता सेनानी के परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।






