हिमाचल में मानसून का कहर, 21 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल में मानसून लगातार सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 16 अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 17 और 18 अगस्त को पांच-पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
17 अगस्त को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि 18 अगस्त को ऊना, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 19 से 21 अगस्त तक भी भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और जलभराव का खतरा बना रहेगा। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
बीते 24 घंटों में कांगड़ा के गुलेर में सबसे ज्यादा 13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। कांगड़ा एयरपोर्ट और हमीरपुर के नादौन में 10-10 सेंटीमीटर बारिश हुई। मंडी के स्लैपर में 7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।






