कुल्लू में गोलीकांड: मामूली कहासुनी बनी खूनी झड़प, पर्यटक ने स्थानीय युवक को मारी गोली; चार आरोपी गिरफ्तार
कुल्लू। पर्यटन नगरी कसोल में शनिवार देर शाम पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान चली गोली एक युवक की टांग में जा लगी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कसोल में पार्किंग को लेकर कुछ पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पर्यटक ने कथित रूप से पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली एक युवक की टांग में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद भी पिस्टल को लहराते हुए बाजार में युवक का पीछा करने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार पर्यटकों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों और गोली चलाने वाले व्यक्ति की भूमिका का पता लगाया जा सके। पुलिस ने घटना में शामिल पिस्टल को भी कब्जे में ले लिया है।
इसके अलावा आरोपितों की गाड़ी को भी जब्त कर जांच के दायरे में शामिल किया गया है। गोली चलने की घटना से कसोल बाजार और आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास एकत्र हो गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है तथा आश्वासन दिया है कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।






