बिलासपुर के मनोज ठाकुर बने भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम के हेड कोच, चीन में संभालेंगे कमान
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रसिद्ध हैंडबॉल कोच मनोज ठाकुर को एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें चीन में आयोजित होने वाली 19वीं एशियाई पुरुष जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय पुरुष जूनियर हैंडबॉल टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से बिलासपुर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के खेल जगत में खुशी और गर्व का माहौल है।
जमशेदपुर में लगेगा राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर
भारतीय पुरुष जूनियर हैंडबॉल टीम का प्रशिक्षण शिविर 3 जुलाई से 13 जुलाई तक टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में मनोज ठाकुर हेड कोच के रूप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। वर्तमान में वह युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, बिलासपुर में हैंडबॉल कोच और राज्य खेल छात्रावास बिलासपुर के प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
मनोज ठाकुर ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, बड़े भाई, पत्नी, गुरुजनों और युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह को दिया।
"खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।"
— मनोज ठाकुर, हैंडबॉल कोच, बिलासपुर
उपलब्धियों से भरा रहा है सफर
मनोज ठाकुर अब तक 15 बार हिमाचल प्रदेश की हैंडबॉल टीम के कोच रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कोच और रेफरी के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। इससे पहले वे उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित चौथी सेंट्रल एशियन ओपन हैंडबॉल प्रतियोगिता में भी भारतीय टीम के कोच की भूमिका सफलतापूर्वक निभा चुके हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय पुरुष जूनियर हैंडबॉल टीम चीन में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेगी।
पत्नी भी हैं राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी
साल 2015 में मनोज ठाकुर युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में हैंडबॉल कोच के रूप में कुल्लू में नियुक्त हुए थे। वर्ष 2018 में उनका तबादला बिलासपुर हुआ। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उनकी पत्नी रूचिका ठाकुर भी सॉफ्टबॉल की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं।






