जरूरतमंदों के लिए निशुल्क एंबुलेंस सेवा शुरू
ट्राईसिटी की विख्यात समाजसेवी संस्था नोफल एक उम्मीद चैरिटेबल ट्रस्ट ने जरूरतमंद लोगों के लिए मुफ्त एंबुलेंस सेवा शुरू की है। इस पहल से उन लोगों को मदद मिलेगी, जिनके पास एम्बुलेंस सेवा के लिए पैसे नहीं हैं और जिन्हें आपातकालीन चिकित्सा परिवहन की आवश्यकता होती है। पीजीआई स्थित गुरुद्वारा प्रतख दर्शन पातशाही 6वीं में गुरुवार को नोफल एक उम्मीद चैरिटेबल ट्रस्ट समाजसेवी संस्था ने नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है। इससे आपात स्थिति में जरूरतमंद मरीजों को मदद मिलेगी। पंजाब के गवर्नर व चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने हरी झंडी दिखा कर जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, गुरु का लंगर आई हॉस्पिटल के संचालक एच एस सभरवाल, गुरुद्वारा गुरुद्वारा प्रतख दर्शन पातशाही 6वीं सभा के प्रधान सहित नोफल एक उम्मीद चैरिटेबल ट्रस्ट के संचालक गुरमीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। निशुल्क एंबुलेंस सेवा शुरू कर संस्थान ने जनता की सेवा करने का जो संकल्प लिया है, उसे माननीय गवर्नर और चंडीगढ़ प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने सराहा। गुरमीत सिंह ने बताया कि समाजसेवा को ध्येय मानते हुए फ्री एंबुलेंस सेवा को जरूरतमंद जनता को समर्पित किया है। गुरमीत सिंह ने बताया कि नोफल एक उम्मीद चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से पिछले काफी लंबे समय से समाजसेवा के अनेकानेक कार्य किए जाते आ रहे हैं।












