सोलन भाजपा में बगावत पर बड़ा प्रहार, पार्टी लाइन के खिलाफ जाने वाले 4 नेता निलंबित
सोलन नगर निगम चुनाव में बगावत करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा अनुशासनात्मक एक्शन लिया है। पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ने वालों पर सख्त रुख अपनाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने चार नेताओं की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है।
भाजपा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए गठित अनुशासन समिति को जिला और मंडल स्तर से शिकायतें प्राप्त हुई थीं कि कुछ कार्यकर्ता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर गए हैं। समिति ने इन मामलों पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना और कार्रवाई की सिफारिश प्रदेश नेतृत्व को भेजी।
इसी सिफारिश के आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर-3 से गौरव राजपूत और रजनी राजपूत को निलंबित कर दिया। गौरव राजपूत भाजपा आईटी विभाग में मंडल सह-प्रभारी के पद पर कार्यरत थे, जबकि रजनी राजपूत महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं।
इसके अलावा वार्ड नंबर-7 से रामपाल और मुकेश वर्मा के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी गई है।
भाजपा नेताओं ने साफ कहा है कि पार्टी अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन विरोधी गतिविधियों और अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदेश भाजपा का कहना है कि नगर निकाय और पंचायत चुनावों में संगठनात्मक एकता बनाए रखना पार्टी की प्राथमिकता है। पार्टी चाहती है कि कार्यकर्ताओं के बीच स्पष्ट संदेश जाए कि अनुशासनहीनता और बगावत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






