किन्नौर के पांगी गांव में डेढ़ माह से लाइनमैन नदारद!
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर के सबसे बड़े गांवों में से एक पांगी गांव में पिछले डेढ़ महीने से बिजली विभाग का कोई लाइनमैन न होने से ग्रामीण खासे परेशान हैं। बिजली गुल होने की स्थिति में लोगों को घंटों अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और बिजली से चलने वाले उपकरण ठप पड़ जाते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पांगी गांव में तैनात लाइनमैन डेढ़ महीने की लंबी छुट्टी पर चले गए हैं और उनकी जगह किसी अन्य कर्मचारी की तैनाती नहीं की गई है। पांगी पंचायत के उपप्रधान संजीव कुमार नेगी ने बताया कि गांव में कुल नौ ट्रांसफार्मर हैं। अकसर तेज तूफान या बारिश के दौरान तारों के टकराने से शॉर्ट सर्किट हो जाता है या अन्य तकनीकी दिक्कतें आती हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विभाग का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं होता, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। उपप्रधान ने प्रशासन से अपील की कि गांव के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए। विशेषकर सर्दियों में बर्फबारी के दौरान और अन्य समय में ट्रांसफार्मर व बिजली की तारों में आने वाली तकनीकी खराबी को तुरंत ठीक करने के लिए पर्याप्त स्टाफ का होना बेहद जरूरी है।
जल्द होगी नए कर्मी की तैनाती: टाशी
इस समस्या के संबंध में बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता टाशी नेगी ने बताया कि पांगी गांव में तैनात बिजली कर्मी डेढ़ महीने से छुट्टी पर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग जल्द ही नए कर्मी की तैनाती करेगा, ताकि ग्रामीणों को बिजली गुल होने के दौरान होने वाली परेशानियों का सामना न करना पड़े।












