बेसहारा पशुओं से परेशान समाजसेवी का अनोखा विरोध, सड़क पर लेटकर उठाई समाधान की मांग
बिलासपुर में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं की समस्या एक बार फिर गंभीर बहस का मुद्दा बन गई है। आए दिन इन पशुओं की वजह से सड़क हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है, जिससे न सिर्फ वाहन चालकों बल्कि आम लोगों की जान भी जोखिम में पड़ रही है। प्रशासन की अनदेखी से नाराज समाजसेवी सुनील शर्मा ने इस समस्या के खिलाफ अनोखे अंदाज में सड़क पर लेटकर विरोध प्रदर्शन किया। उनके इस कदम से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने भी प्रशासन और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए बेसहारा पशुओं के स्थायी समाधान की मांग उठाई।
समाजसेवी सुनील शर्मा ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से निशुल्क गौ सेवा कर रहे हैं और कई बार प्रशासन व सरकार से बेसहारा पशुओं को गोशालाओं में रखने की मांग उठा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूम रहे पशुओं की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग घायल हो चुके हैं। खासकर रात के समय यह समस्या और भी खतरनाक हो जाती है।
वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बेसहारा पशुओं के कारण हर समय हादसे का डर बना रहता है। कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है और बच्चों को स्कूल भेजते समय भी अभिभावकों में डर बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि सड़क हादसों पर रोक लग सके और आम जनता को राहत मिल सके।






