बिलासपुर: बलोह फोरलेन पर 4 किलो चरस सहित पंजाब के 2 युवक गिरफ्तार
बिलासपुर: नशे के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घुमारवीं थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. स्पेशल डिटेक्शन टीम (SDT) बिलासपुर ने बलोह फोरलेन सड़क पर मल्यावर लिंक रोड के समीप एक वाहन की जांच के दौरान करीब चार किलोग्राम चरस/कैनाविस बरामद की है.
पुलिस ने चरस की खेप ले जा रहे पंजाब निवासी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी एक ही वाहन में सवार होकर जा रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार (22) और सुखबीर (28) निवासी होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है. मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना घुमारवीं में FIR दर्ज की गई है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है.
'नशा तस्करी में संलिप्त लोगों पर होगी कार्रवाई'
उधर, बिलासपुर एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि 'बिलासपुर पुलिस ने दो लोगों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है. नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार नाकाबंदी, गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है. नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचकर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.'
करीब चार किलोग्राम चरस की बरामदगी के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नशे की ये खेप आरोपियों तक कहां से पहुंची थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था. जांच टीम चरस तस्करी के इस मामले में बैकवर्ड और फॉवर्ड लिंक तलाश रही है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ये भी पता लगाने में जुटी है कि वो इससे पहले कितनी बार नशे की खेप लेकर हिमाचल आए हैं और इस नेटवर्क में उनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान नशे के इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग सकते हैं.






