बिलासपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, 14 में से 9 सीटों पर भाजपा का कब्जा
बिलासपुर। जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने बिलासपुर की राजनीति में बड़ा संदेश दिया है। जिले की 14 जिला परिषद सीटों में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बढ़त हासिल की। वहीं, 5 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया है कि इस बार जिले में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जनता का व्यापक समर्थन मिला। अधिकांश वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार एक भी सीट जीतने में सफल नहीं हो सके। कांग्रेस का खाता तक न खुलना जिले की राजनीति में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।
परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए इसे भाजपा की नीतियों, संगठन की मेहनत और जनता के अटूट विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि जिला परिषद की 14 में से 9 सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता ने विकास, सुशासन और जनहित की राजनीति पर भरोसा जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी विजयी प्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के विकास को नई दिशा देंगे।
वहीं, 5 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया है। कई क्षेत्रों में स्थानीय मुद्दों, व्यक्तिगत जनसंपर्क और उम्मीदवारों की छवि का असर चुनाव परिणामों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। इसके बावजूद भाजपा जिला परिषद में सबसे बड़े राजनीतिक समूह के रूप में उभरकर सामने आई है।
कांग्रेस का एक भी सीट न जीत पाना पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। वहीं भाजपा खेमे में जीत को लेकर उत्साह का माहौल है और कार्यकर्ता इसे जनता के विश्वास और संगठन की मेहनत का परिणाम बता रहे हैं। जिला परिषद चुनाव के इन नतीजों ने बिलासपुर की राजनीतिक दिशा को लेकर एक स्पष्ट संकेत दे दिया है।






