मंडी: बल्हघाटी में तेज रफ्तार कार हाइड्रा से टकराई, 3 युवकों की मौ*त, 2 गंभीर घायल
जिला मंडी की बल्हघाटी में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। नेरचौक से सुंदरनगर की ओर जा रही एक कार (नंबर एच82-8322) सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से जा टकराई, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान अनिल कुमार (28) निवासी पलाही, रोहित कुमार (26) निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार (35) निवासी पलाही के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हरिश उर्फ सन्नी (23) निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं।






