आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस के सामने पेश हुए सुधीर शर्मा
धर्मशाला: भाजपा विधायक सुधीर शर्मा आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला के कार्यालय में पेश होने पहुंचे। पेशी से पहले बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कचहरी अड्डा और हनुमान मंदिर चौक पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सुधीर शर्मा ने विजिलेंस कार्यालय जाने से पहले हनुमान मंदिर में माथा टेका और इसके बाद मुस्कराते हुए कार्यालय के अंदर चले गए। उनके साथ हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा और पूर्व जवाली विधायक अर्जुन ठाकुर भी मौजूद रहे।
बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस ने विजिलेंस कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की है। बैरिकेडिंग के साथ एएसपी आरपी जसवाल सहित पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात हैं। कचहरी अड्डा क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी की जा रही है और क्यूआरटी भी तैनात की गई है। कार्यालय में अनावश्यक लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।






