चामुंडा में दर्दनाक सड़क हादसा: कार की टक्कर से महिला की मौ.त, पति गंभीर घायल
चामुंडा। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कांगड़ा जिले के चामुंडा क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चंबा निवासी एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, चंबा जिले के कीर गांव निवासी दंपती एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चामुंडा स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल सविता देवी को पहले नगरोटा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल महिला के पति का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।






