हिमाचल में बारिश का रेड अलर्ट जैसा खतरा! 3 दिन भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 25 से 27 जुलाई तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 27 से 31 जुलाई तक राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 28, 29 और 30 जुलाई को कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
शनिवार को भी शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब बना हुआ है और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंडी में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि भरमौर में न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी, जिससे कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।






