भाखड़ा विस्थापित सुधार समिति ने जताया भाखड़ा बोर्ड की बुर्जियां लगाने पर ऐतराज
कल्लर में जिला ग्रामीण भाखड़ा विस्थापित सुधार समिति की बैठक अध्यक्ष एवं औहर पंचायत के पूर्व प्रधान देशराज शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड की ओर से लगाई जा रही बुर्जियों को लेकर कड़ा ऐतराज जाहिर किया गया। देशराज ने बताया कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड के कर्मचारी मौजूदा समय अपनी जमीन को लेकर बुर्जियांलगा रहे हैं, लेकिन बुर्जियां लगाते समय वह न तो इसकी सूचना स्थानीय लोगों व साथ लगती जमीनों के मालिकों को दे रहे हैं। आरोप लगाया कि कर्मचारी मनमर्जी से बुर्जियां लगा रहे हैं। कुछ स्थानों पर तो उन्होंने लोगों की भूमि में ही बुर्जियां लगा दी हैं। इससे संबंधित जमीन मालिक परेशान हो गए हैं। अपनी जमीन पूरी करने के लिए न तो संबंधित कर्मचारी नाप-नपाई कर रहे हैं और न ही उनके साथ कोई राजस्व विभाग का कर्मचारी है। उन्होंने कहा कि पहले जो बुर्जियां 10 फुट नीचे थी, उन्हें अब मलकीयत भूमि में लगा दिया है। कल्लर, भजवाणी, ऋषिकेश, बल्ह-बलवाणा व तलवाड़ में बुर्जियां लगाई जा चुकी हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट को बुर्जियां लगाने से पहले स्थानीय लोगों को सूचना देने के निर्देश दिए जाएं तथा संबंधित बुर्जियों को राजस्व विभाग के कर्मचारी के साथ मिलकर लगवाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा न किया गया तो विस्थापितों को संघर्ष करने पर मजबूर होना पड़ेगा। इस अवसर पर सुभाष ठाकुर, प्रेमलाल, चेतराम, जगदीश, रतनलाल, प्रेम कुमार, रामस्वरूप, मदन लाल, किशोरी लाल, काली दास, रतन लाल, कुलदीप, कृष्ण दयाल, कश्मीर सिंह व निक्का राम आदि मौजूद रहे












