आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा, आज लोकतंत्र की दे रही दुहाई: जयराम ठाकुर
मंडी। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया था, लेकिन आज वही पार्टी लोकतंत्र की रक्षा की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि देश आज भी 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को लोकतंत्र के सबसे काले अध्याय के रूप में याद करता है।
मंगलवार को मंडी के राजमहल स्थित भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल दिया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगा दिए। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना को कुचलने का प्रयास किया गया, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।
उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि जिस कांग्रेस ने लोकतंत्र को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया, वही आज लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे बड़ी हितैषी होने का दावा कर रही है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार का रवैया लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है और चुने हुए जनप्रतिनिधियों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत, बीडीसी और जिला परिषद जैसी संस्थाएं लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करती हैं, लेकिन वर्तमान प्रदेश सरकार इन संस्थाओं के महत्व को कम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लगातार जनप्रतिनिधियों का अपमान कर रहे हैं और विपक्ष की बात सुनने को तैयार नहीं हैं।
जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर कर्मचारियों के प्रति भी असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों का समाधान करने के बजाय उन पर आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (ESMA) लागू कर दिया गया। सरकार संवाद और समाधान का रास्ता अपनाने की बजाय दबाव और दमन की राजनीति कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर्मचारी, युवा, किसान, बागवान और आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार जनहित के मुद्दों को गंभीरता से नहीं ले रही। जनता की आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की आवाज को बुलंद करती रहेगी तथा लोकतंत्र को कमजोर करने वाली किसी भी कोशिश का मजबूती से विरोध करेगी।






