आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था: राजीव भारद्वाज
भाजपा ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के विरोध में बुधवार को बड़सर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करके कांग्रेस पर कई निशाने साधे। कांगड़ा लोकसभा से सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि आपातकाल भारत के लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय है। यह वह समय था, जब एक परिवार की सत्ता बचाने के लिए संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की निर्मम हत्या की गई। उन्होंने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 21 महीनों तक चला यह आपातकाल भारतीय लोकतंत्र को झकझोर देने वाला समय था, जो कांग्रेस की तानाशाही प्रवृत्ति और सत्ता के प्रति उसके लालच को उजागर करता है। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष वंदना योगी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष उषा बिरला, प्रदेश कार्यकारी सदस्य नवीन शर्मा, जिला महामंत्री अजय रिंटू, मीडिया प्रभारी विकास शर्मा तथा मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार मौजूद थे। कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने कहा कि आज की पीढ़ी को उस इतिहास को जरूर जानना चाहिए।












