बिना लाइट दौड़ी सरकारी बस! चंबा-जोत के खतरनाक मोड़ पर सवारियों की जान से खिलवाड़
जिस सड़क पर दिन के उजाले में चालक वाहन चलाने से कतराते हैं, वहां एचआरटीपी का चालक बिना लाइट वाली बस लेकर चला गया। इसे चालक की समझदारी कहें या लापरवाही, लेकिन जरा सी चूक सवारियों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती थी। बात हो रही है चंबा-जोत मार्ग की, जहां शनिवार रात को भरमौर से पालमपुर जा रही बस बिना लाइट जाते हुए देखी गई। सवारियों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया और विधायक को भी भेजा।
जोत से चुवाड़ी तक बस को बिना लाइट के पहुंचाया गया। यह मार्ग संकरा और गहरी खाइयों से भरा हुआ है। ऐसे में वहां ऐसी लापरवाही बरतना खतरनाक साबित हो सकता था। इसमें कहीं न कहीं एचआरटीसी प्रबंधन की लापरवाही देखने को मिल रही है, चलती बस की लाइटें बंद होना इस बात की तरफ इशारा करती हैं कि लंबे रूटों पर निगम पुरानी बसों को भेज रहा है। रविवार को सोशल मीडिया पर इसी बस का वीडियो वायरल होता रहा। हर कोई इस वीडियो को देखकर रात में सरकारी बस में सफर करने से तौबा करते हुए नजर आया। जिस सवारी ने इस वीडियो को बनाया था। उससे संपर्क करने का भी प्रयास किया गया, लेकिन फोन नंबर न मिलने से संपर्क नहीं हो पाया। हालांकि, वीडियो में साफ बताया जा रहा है कि बस वाया जोत होकर चुवाड़ी बिना लाइट जा रही है।
जिस बस का वीडियो वायरल है। वह नगरोटा बगवां डिपो की है। ऐसे में बस को लेकर कोई भी टिप्पणी उसी डिपो के आरएम कर सकते हैं। -शुगल सिंह, आरएम एवं डीडीएम
बस का वीडियो देखकर ही वे डर गए। जो लोग उसमें बैठे होंगे, उन पर क्या बीत रही होगी। इस मुद्दे को वह विधानसभा सत्र में गंभीरता से उठाएंगे। -डॉक्टर जनक राज , विधायक भरमौर












