सात जिलों में अंधड़-बिजली का अलर्ट, चार जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और वीरवार को कई क्षेत्रों में मौसम बिगड़ सकता है। ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में अंधड़ चलने और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, शिमला, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 17 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम खराब रह सकता है, जबकि 18 अक्तूबर से अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।






