कालका-शिमला ट्रैक पर फिर दौडऩे लगी पैसेंजर ट्रेन
रेलवे बोर्ड ने विश्व धरोहर कालका शिमला रेलवे ट्रैक पर कोरोना काल के दौरान बंद की गई पैसेंजर ट्रेन फिर से संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे इकॉनोमी क्लास के यात्रियों को कालका से शिमला का सफर करने के लिए मात्र 25 रुपए का किराया चुकाना होगा। इसका सबसे अधिक लाभ प्रदेश में काम करने आने वाले प्रवासियों को होगा। करीब पांच साल बंद पैसेंजर ट्रेन ने ट्रैक पर दौडऩा शुरू कर दिया है। इससे पहले कई बार रेलवे बोर्ड अपने कार्य को लेकर ट्रेन को कालका से शिमला चलाता था, पर इसमें यात्रियों को बैठने की इजाजत नहीं थी। वर्तमान में पैसेंजर ट्रेन एक दिन कालका से शिमला की ओर जाती है, जबकि दूसरे दिन शिमला से कालका की ओर आती है। बीते दिनों रेलवे बोर्ड ने ट्रायल के तौर पर ट्रेन को शुरू किया था। इसमें लोगों की संख्या में रोजाना बढ़ोतरी हो रही है। इसके बाद पहले चरण में एक दिन छोड़ कर ट्रेन को चलाया जा रहा है।
ट्रैक पर ट्रेनों की संख्या में इजाफा
रेलवे बोर्ड के निर्णय से ट्रैक पर ट्रेनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। इस ट्रेन के शुरू होने से पहले पांच ट्रेनें ही रोजाना ट्रैक पर चलती थीं। अब संख्या छह हो गई है। हॉली-डे स्पेशल ट्रेन को दिसंबर से फरवरी और जून से अगस्त के बीच ही बोर्ड चलाता है। इसको भी चलाया जाता है तो ट्रैक पर सात ट्रेनें हो जाएंगी। गौर रहे कि कालका-शिमला ट्रैक पर ट्रेनों की कमी के कारण लोगों को परेशान होना पड़ता था। वर्तमान में संचालित हो रही ट्रेनों में ऑनलाइन बुकिंग होती थी। इससे ट्रेनें फुल हो जाने के बाद लंबी वेटिंग रहती थी। इससे लोगों को काफी दिक्कतें आती थी, लेकिन अब पैसेंजर ट्रेन का लुत्फ भी उठा सकेंगे। खास बात यह है कि इसे पुराने समय पर ही कालका से शिमला और शिमला से कालका संचालित किया जा रहा है।
सस्ते किराये में होगा रोमांचक सफर
कालका से शिमला के लिए सुबह 8 बजे रेल चलेगी, जिसमें 25 रुपए किराया लगेंगे, यानी सस्ते किराये के साथ ट्रेन के सफर का रोमांच भी मिलेगा। कालका से शिमला पहुंचने में बस का किराया करीब 200 रुपए है, जबकि पैसेंजर ट्रेन का किराया भी काफी कम है। इसमें यात्री मात्र 25 रुपए में कालका से शिमला पहुंच सकते हैं। काउंटर पर टिकट की सुविधा यात्रियों को दी जाएगी। ट्रेन कालका से शिमला के लिए सुबह 8 बजे निकलेगी। यह ट्रेन 2 बजे शिमला पहुंचेगी। सामान्य ट्रेन से एक घंटा अतिरिक्त समय ट्रेन में लगेगा, जबकि अगले दिन शिमला से भी 8 बजे चलेगी और 2 बजे कालका पहुंचेगी। इसमें सभी जनरल बोगियां होंगी।












