ऊंची चोटियों पर गिरे बर्फ के फाह
जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में मौसम बार-बार करवट बदल रहा है। रविवार को रोहतांग सहित जहां लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर एक बार फिर बर्फ के फाहे गिरे। वहीं, निचले इलाकों में रविवार को हल्की बारिश हुई। कुल्लू में सुबह के समय जहां बारिश हुई। वहीं, उसके बाद मौसम साफ हो गया और धूप खिल गई थी, लेकिन दोपहर बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ा और कुल्लू में तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश हुई। उपमंडल बंजार के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कोठी चैहणी के धार गांव में तेज हवा का कहर देखने को मिला। तेज हवा ने यहां पर पुने राम के मकान की छत उड़ा दी। हालांकि, घटना में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। तेज हवा से मकान की छत दूसरे घर पर जाकर गिरी, जब तेज अंधड़ की रफ्तार थमी, तो लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, 13,050 फुट रोहतांग दर्रा व इसके आसपास की ऊंची पहाडिय़ों में रविवार को बर्फ के फाहे गिरने का क्रम जारी रहा। पर्यटकों ने बर्फ के फाहों के बीच खूब मस्ती की। वहीं, मनाली के निचले इलाकों में अंधड़ के साथ हल्की बारिश से फुहारें भी पड़ी। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बाद कुल्लू व लाहौल-स्पीति का तापमान गिर गया है। रविवार को मनाली की ऊंची चोटियों सहित मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, मांगन कोट में ताजा बर्फबारी हुई है। रोहतांग सहित कुल्लू, लाहौल की ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात का सिलसिला इस बार जून में भी लगातार जारी है। वहीं, दूसरी ओर निचले इलाकों अंधड़ ने बागवानों को परेशान कर रखा है। कुल्लू व लाहौल-स्पीति जिले की ऊंची चोटियों में जून माह के पहले दिन भी बर्फबारी के दौर जारी रहा, जबकि निचले इलाकों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश का दौर चलता रहा। हालांकि, किसान इसे खरीफ की फसल के लिए अच्छा मान रहे हैं, मगर रबी की फसल की कटाई का काम रुक रहा है। मौसम के बरसने से तापमान में भी गिरावट आई है।












