'भारत माता की जय' से गूंजा आनी, तिरंगा यात्रा में शहीदों को किया नमन, आतंकवाद के खिलाफ उठी आवाज
उपमंडल मुख्यालय आनी में वीरवार को भारतीय सेना के पराक्रम को सम्मान देते हुए देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और देश की एकता व अखंडता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार मौजूद रहे। यात्रा की शुरुआत देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई और शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान आतंकवाद के खिलाफ लोगों ने अपनी आवाज बुलंद की और देश की सुरक्षा के लिए एकजुटता का संकल्प लिया। पाकिस्तान के खिलाफ मुर्दाबाद के नारों से आनी कस्बा गूंज उठा। इस अवसर पर आनी के पुराने बस अड्डे पर जनता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोविंद और विधायक लोकेंद्र ने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और तिरंगा हमारी एकता, संप्रभुता और साहस का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद का सहारा लेकर भारत में अशांति फैलाने का जो काम किया, उसका मुंह तोड़ जवाब देते हुए भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाक अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने देश की आन बान और शान को झुकने नहीं दिया। भारतीय सेना के सम्मान में यह तिरंगा यात्रा निकाली गई है। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम जैसे नारों से पूरा आनी गूंज उठा।












