चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: गुजरात के पर्यटकों से भरी इनोवा खाई में गिरी, 6 की मौ*त, 4 गंभीर घायल
चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। भटियात उपमंडल के ककीरा क्षेत्र में सुबह करीब 3 बजे पर्यटकों से भरी एक इनोवा क्रिस्टा दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पर्यटक गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं और मनाली से डलहौजी घूमने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी। बताया जा रहा है कि मंडी नंबर की टैक्सी इनोवा क्रिस्टा में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे। ककीरा घार के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है।
हादसे में मृतकों की पहचान
ललितभाई पतनानी, भावनगर, गुजरात
ममताबेन ललितभाई पतनानी, भावनगर, गुजरात
काजल भोपानी
दियान्श भोपानी
प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी
जसवंत कुमार (51), निवासी जोगिंदरनगर, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश
घायल
मयंक ललितभाई पतनानी (31)
फोरमबेन मयंक पतनानी (31)
जियान्श मयंक पतनानी (3)
प्रियान्शी भोपानी (3)
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतकों व घायलों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।






