वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 180 रन पर किया आउट
वेस्टइंडीज ने पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया को 180 रन पर आउट करने के बाद चार विकेट जल्दी गंवा दिए। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर वेस्टइंडीज ने चार विकेट पर 57 रन बनाए थे। ब्रेंडन किंग पदार्पण करते हुए 23 रन बनाकर खेल रहे थे। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 57 ओवर में 180 रन पर आउट हो गई जो वेस्टइंडीज में उसका न्यूनतम स्कोर है। वेस्टइंडीज के लिए जेडेन सील्स ने 60 रन देकर पांच विकेट लिए, लेकिन शामार जोसेफ सबसे प्रभावी गेंदबाज रहे जिन्होंने 46 रन देकर चार विकेट चटकाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए सिर्फ उस्मान ख्वाजा (47), ट्रेविस हेड (59) और कप्तान पैट कमिंस (28) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। दो सप्ताह पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले दिन 212 रन पर आउट हो गई थी। एक घंटे के खेल के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 22 रन था। मार्नस लाबुशेन की जगह खेल रहे सैम कोंस्टास चौथे ओवर में जोसेफ की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। कैमरन ग्रीन को आते ही गली में किंग ने जीवनदान दिया। वह तीन रन बनाकर जोसेफ की गेंद पर दूसरी स्लिप में कैच दे बैठे। चोटिल स्टीव स्मिथ की जगह चौथे नंबर पर उतरे जोश इंगलिस ने सील्स की गेंद पर विकेटकीपर शाई होप को कैच थमाया। ख्वाजा ने ट्रेविस हेड के साथ 89 रन की साझेदारी की जो ऑस्ट्रेलियाई पारी की सबसे बड़ी साझेदारी थी। हेड चाय के बाद अपना विकेट गंवा बैठे। आखिरी तीन विकेट सील्स ने लिए।
साफ कैच पर ट्रेविस हेड को अंपायर ने दिया नॉट आउट
मैच के पहले दिन एक विवादास्पद फैसला हुआ। तीसरे अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक के एक फैसले ने शमार जोसेफ को पांच विकेट लेने से रोक दिया। वेस्टइंडीज के फील्डरों ने भी कई कैच छोड़े। जोसेफ ने ऑस्ट्रेलिया के टॉप ऑर्डर को झकझोर दिया था। ट्रेविस हेड के खिलाफ एक अपील पर अंपायर नितिन मेनन ने उन्हें आउट नहीं दिया, लेकिन तीसरे अंपायर ने भी बल्लेबाज के पक्ष में फैसला सुनाया। शमार जोसेफ ने ट्रेविस हेड को एक गेंद फेंकी। गेंद बल्ले से लगी या नहीं, इस पर विवाद हो गया। अंपायर नितिन मेनन को लगा कि हेड ने गेंद को छुआ है। इसलिए उन्होंने तीसरे अंपायर से मदद मांगी। अल्ट्राएज तकनीक ने दिखाया कि गेंद हेड के बल्ले से लगी थी, लेकिन क्या गेंद सीधे विकेटकीपर होप के हाथों में गई थी, यह स्पष्ट नहीं था। एक रिप्ले में दिखा कि गेंद जमीन पर लगकर गई थी। दूसरा रिप्ले साफ नहीं था।












