उपमंडल सुंदरनगर की ग्राम पंचायत चांबी के भराड़ी में जमीनी विवाद ने पकड़ा तूल
मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत चाम्बी के भराड़ी गांव में भूमि विवाद उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की घटना सामने आई। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया और शिमला-तत्तापानी-मंडी स्टेट हाईवे-13 करीब आधे घंटे तक बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लेकर यातायात बहाल कराया। इस दौरान मौके पर हालत इतनी खराब हो गए कि उपमंडल सुंदरनगर के तीनों पुलिस थाना सुंदरनगर, बीएसएल कॉलोनी और धनोटू के दर्जनों पुलिसकर्मी उग्र भीड़ के साथ जूझते हुए नजर आए। प्राप्त जानकारी के अनुसार भराड़ी गांव निवासी परमानंद आजाद पुत्र कातिया राम और वंदना शर्मा पत्नी संसार चंद, जो वर्तमान में न्यू बीबीएमबी कॉलोनी सुंदरनगर में रहती हैं तथा मूल रूप से भराड़ी गांव की निवासी हैं, के बीच भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि वंदना शर्मा अपने मायके भराड़ी गांव आई हुई थीं। इसी दौरान वह संबंधित भूमि पर किए जा रहे कार्य के बारे में जानकारी लेने और पूछताछ करने मौके पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि परमानंद आजाद ने पहले गाली-गलौज की और इसके बाद मौके पर पड़े एक डंडे से वंदना शर्मा पर हमला कर दिया। आरोप है कि डंडे के वार से वंदना शर्मा की बाजू सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना के विरोध में स्टेट हाईवे-13 पर भी कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। लगभग आधे घंटे तक सड़क बाधित रहने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद यातायात को सुचारु रूप से बहाल किया गया। पुलिस ने आरोपी बताए जा रहे परमानंद आजाद को पूछताछ के लिए पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी ले जाया है। वहीं घायल वंदना शर्मा को उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर भेजा गया, जहां उनका मेडिकल करवाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों, शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।






