हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में बड़ा गड़बड़झाला: ड्यूटी पर नहीं पहुंची महिला कर्मचारी, फिर भी लगती रही रोज हाजिरी
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक महिला लैब तकनीशियन ने छह अप्रैल को ज्वाइनिंग तो दी, लेकिन उसके बाद वह ड्यूटी पर नहीं पहुंची। हैरानी की बात यह रही कि अनुपस्थित रहने के बावजूद उसकी हाजिरी रोजाना रजिस्टर में लगती रही। मामला सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार महिला कर्मचारी ने छह अप्रैल को पदभार ग्रहण किया था, लेकिन इसके बाद वह नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं आई। बावजूद इसके, 21 अप्रैल तक उपस्थिति रजिस्टर में उसकी हाजिरी दर्ज होती रही। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब कर्मचारी अस्पताल या विभाग में मौजूद ही नहीं थी, तो आखिर उसकी उपस्थिति किसने दर्ज की और किसके निर्देश पर यह पूरा खेल चलता रहा।
इस पूरे मामले में विभाग के अंदर किसी कर्मचारी या अधिकारी की मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं, यह भी चर्चा है कि यदि समय रहते यह गड़बड़ी सामने नहीं आती, तो मामला और लंबा खिंच सकता था।
बताया जा रहा है कि प्रयोगशाला विभाग के प्रमुख को जब इस अनियमितता की जानकारी मिली, तब मामला उजागर हुआ। इसके बाद उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। हालांकि मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
पैथोलॉजी विभाग की एचओडी डॉ. कविता ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में आया है और इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है तथा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देशराज शर्मा ने बताया कि पैथोलॉजी विभाग की एचओडी से इस संबंध में लिखित रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।






