नूरपुर पुलिस का अवैध खनन पर शिकंजा, पंजाब माफिया की पोकलेन, दो JCB और 6 ट्रक जब्त
नूरपुर। हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में पंजाब का माफिया रात के अंधेरे में खनन कर रहा है। पुलिस जिला नूरपुर की टीम ने अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शिकंजा कसते हुए एक पोकलेन, 2 जेसीबी मशीन व 6 मल्टी एक्सल ट्रकों को जब्त किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस ने मंगलवार दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 9 वाहनों व मशीनरी ऑपरेटरों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि रे- पत्तन क्षेत्र में अवैध खनन करते हुए एक पोकलेन, एक जेसीबी मशीनरी व 5 मल्टी एक्सल ट्रक पकड़े गए। इस संबंध में थाना फतेहपुर में बीएनएस की धारा 329(3), 303(2), 190, एमएमडीआर एक्ट की धारा 21(1) तथा पर्यावरण (संरक्षण) एक्ट की धारा 15 के तहत सुशील कुमार निवासी जिला होशियारपुर (पंजाब) एवं अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। ये सभी 7 वाहन व मशीनरी जब्त कर मामले की जांच जारी है।
जवाली मे भी की कार्रवाई
उन्होंने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में जखाड़ा क्षेत्र में गश्त के दौरान नदी में अवैध खनन करते एक जेसीबी मशीन व एक टिपर पकड़े हैं। दोनों वाहनों व मशीनरी के माइनिंग एक्ट के तहत चालान कर उन्हें जब्त किया गया है तथा चालान जवाली अदालत में भेजे जा रहे हैं।






