हिमाचल विद्यालय प्रवक्ता संघ ने छठी से 12वीं तक पढ़ाने के आदेश पर उठाए सवाल
विद्यालय प्रवक्ता संघ के राज्य चेयरमैन सुरेंद्र पुंडीर, जिला अध्यक्ष डॉ. आईडी राही और अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रवक्ता वर्ग हमेशा से आवश्यकता अनुसार सभी कक्षाओं को पढ़ाने का कार्य करता रहा है। लेकिन इसे अनिवार्य बनाने का अर्थ होगा टीजीटी और सीएंडवी शिक्षकों के पदों को समाप्त करना। संघ ने मांग की कि ऐसे तुगलकी आदेश लागू करने वाले विद्यालय प्रमुखों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा विभाग यह स्पष्ट नहीं करता कि कौन सा विषय कौन पढ़ाएगा, तब तक ऐसे आदेश व्यवहारिक नहीं हैं। संघ का कहना है कि यदि प्रवक्ताओं को छठी से 12वीं तक पढ़ाने के लिए बाध्य किया जाता है तो इसका मतलब होगा कि सरकार प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) और C&V शिक्षकों के पद समाप्त करने की तैयारी कर रही है। संघ ने चेतावनी दी कि इससे विद्यालयों में गतिरोध पैदा होगा। साथ ही मांग की कि यदि सभी कक्षाओं को प्रवक्ता ही पढ़ाएंगे, तो मुख्याध्यापक पद पर पदोन्नति के लिए भी प्रवक्ताओं को ही पात्र माना जाए।












