वर्षों पुरानी मांग पूरी, करंगढ़ नाग मंदिर से ननोट तक सड़क सर्वे पूरा
गांव ननोट व करंगढ़ क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वर्षों से लंबित सड़क की मांग अब साकार होती नजर आ रही है। सदर चंबा विधायक नीरज नैय्यर के अथक प्रयासों और गांववासियों की लगातार मांग के चलते करंगढ़ नाग मंदिर से लेकर गांव ननोट तक सड़क के सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस प्रस्तावित सड़क से लगभग 250 से 300 ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। यह सड़क न केवल गांव को बेहतर संपर्क सुविधा देगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास का भी मार्ग प्रशस्त करेगी। गांववासियों ने विधायक नीरज नैय्यर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क वर्षों से हमारे लिए एक सपना बनी हुई थी, जिसे विधायक नैय्यर ने अपने जनसेवा भाव से पूरा करने की ठानी। उनके दृढ़ संकल्प व नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी विभाग और इसके कर्मठ कर्मचारियों ने ईमानदारी से सर्वेक्षण कार्य को पूरा कर ग्रामीणों की उम्मीदों को नई उड़ान दी है। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि विधायक नीरज नैय्यर जिंदाबाद, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, करंगढ़ नाग की जय, भारत माता की जय। अब सभी गांववासी विधायक नैय्यर से इस सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की अपील कर रहे हैं, ताकि जल्द ही इस क्षेत्र को सड़क सुविधा का पूर्ण लाभ मिल सके।












