हिमाचल स्थापना दिवस पर सुक्खू का बड़ा ऐलान, ईमानदार पुलिस कर्मियों को रिटायरमेंट पर मिलेगा एक रैंक अधिक
रिकांगपिओ।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुलिस कर्मियों के सम्मान और मनोबल को बढ़ाने के लिए बड़ा ऐलान किया है। किन्नौर जिला के रिकांगपिओ स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्ति के समय एक रैंक अधिक प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय उन पुलिस कर्मियों के योगदान को सम्मान देने के लिए लिया गया है, जिन्होंने अपनी सेवा के दौरान ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा की है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है और ऐसे कर्मियों का मनोबल बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
सुक्खू ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और अधिकारियों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं और सम्मान देना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के इस ऐलान से पुलिस विभाग में खुशी की लहर देखी जा रही है और इसे एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।












