भारत में ब्लॉक हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का X अकाउंट, 4 दिन में BJP से ज्यादा हुए थे फॉलोअर्स...
नई दिल्ली: व्यंग्यात्मक राजनीतिक संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब यह संगठन सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा था और कुछ ही दिनों में लाखों युवाओं का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहा।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट साझा करते हुए जानकारी दी कि उनके X हैंडल @CJP_2029 को भारत में “लीगल डिमांड” के तहत रोक दिया गया है। फिलहाल अकाउंट पर “Account Withheld” का नोटिस दिखाई दे रहा है। अभिजीत दिपके ने इस पर तंज कसते हुए लिखा, “जैसा कि उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में रोक दिया गया है।”
हालांकि, X पर कार्रवाई के बावजूद इंस्टाग्राम पर इस संगठन की लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही। महज चार दिनों के भीतर इसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 13.5 मिलियन (1.35 करोड़) से अधिक हो गए। खास बात यह रही कि फॉलोअर्स के मामले में इस अकाउंट ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को भी पीछे छोड़ दिया, जिसके करीब 88 लाख फॉलोअर्स हैं।
दरअसल, यह पूरा विवाद सुप्रीम कोर्ट में हुई एक सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश की कथित टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” और “समाज के परजीवियों” से की गई। इसी के विरोध और व्यंग्य के तौर पर अभिजीत दिपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत की, जो खुद को बेरोजगार और निराश युवाओं की आवाज बताती है।
लॉन्च होने के 24 घंटे के भीतर ही इस डिजिटल मंच को हजारों ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन मिले और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर एक बड़े ऑनलाइन आंदोलन के रूप में उभर गया।






