झंडूता में चोरी के टायरों के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस थाना झंडूता ने गालियां गांव के समीप पिकअप गाड़ी के टायरों की चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चोरों ने गाड़ी के तीन टायरों सहित एक टायर की स्टेपनी चुराकर वाहन को ईंटों पर टिका कर छोड़ा था। पुलिस ने दो दिन के भीतर चोरी गए टायरों को बरामद कर लिया है। गाड़ी मालिक तिलक राज ने 13 जून को पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी गाड़ी के टायर अज्ञात चोरों की ओर से चुरा लिए हैं। पुलिस थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि 13 तारीख को तिलक राज ने चोरी की सूचना दी थी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी को चोरी गए तीन टायरों सहित स्टेपनी के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामान को झंडूता थाना लाया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।












