कंगना का राहुल पर बड़ा वार, बोलीं- झारखंड के छात्रों की सुध नहीं, सिर्फ उकसाने की राजनीति करने पहुंचते हैं!
नई दिल्ली/धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाने पर लिया है। संसद भवन के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए कंगना ने कहा कि देश के युवा और खासकर ‘जेन-जी’ पीढ़ी लंबे समय से कई तरह की परेशानियों का सामना कर रही है।
कंगना रनौत ने कहा, "हमारे जेन-जी बच्चे वाकई में कई तरह की पीड़ा सहन कर रहे हैं। यह समस्या कई दशकों से चली आ रही है और हर जगह ऐसी स्थितियां देखने को मिल रही हैं।"
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी छात्रों के मुद्दों पर राजनीति कर रही है। कंगना ने कहा, "कांग्रेस ने यहां आकर तमाशा किया, लेकिन झारखंड में जहां छात्र लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, वहां कोई पहुंचने नहीं जा रहा। राहुल गांधी वहां नहीं जा रहे हैं। लेकिन जब बच्चों को भड़काने की बात आती है तो राहुल गांधी सबसे आगे दिखाई देते हैं।"
उन्होंने दिल्ली में हुए आंदोलनों के दौरान राहुल गांधी के बयानों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
13 दिन से आंदोलन पर बैठे हैं छात्र
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्र पिछले 13 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
छात्रों की मुख्य मांग है कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराई जाए। छात्रों का कहना है कि जब तक सरकार इस मामले में कोई ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
कंगना के इस बयान के बाद झारखंड के छात्र आंदोलन और कांग्रेस-भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को लेकर सियासत तेज हो गई है।






