हिमाचल में फिर एक्टिव होगा मानसून, 5 दिन भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 18 जुलाई से प्रदेश में मानसून के साथ पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान जारी किया है। विशेषकर 19 से 23 जुलाई के बीच राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कल 5 जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि 18 जुलाई को मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट रहेगा।
4 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
19 जुलाई को चंबा, शिमला, मंडी और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी वर्षा का ओरेंज अलर्ट, जबकि अन्य छह जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। लाहुल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना है।
20 जुलाई को चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी और कांगड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। बाकी जिलों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
21 से 23 जुलाई तक होगी भारी बारिश
21 से 23 जुलाई तक राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। जिससे भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और सड़कें बंद होने का खतरा है।
नदी-नालों से दूर रहने की सलाह
मौसम विभाग ने आम जनता को नदी-नालों के पास न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। इसके साथ ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभागों को संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी नागरिकों से किसी भी तरह की लापरवाही से बचने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।






