जम्मू से देहरादून जा रही लग्जरी बस डमटाल में दुर्घटनाग्रस्त, 57 यात्री थे सवार; हाईवे पर मची अफरा-तफरी
जम्मू से देहरादून जा रही एक निजी ट्रैवल कंपनी की लग्जरी बस देर रात हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के डमटाल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी हॉलिडेज की एआर 20 बी 0962 नंबर की बस जम्मू-जालंधर वाया पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर डमटाल स्थित नरुला पेट्रोल पंप के समीप अचानक अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से सर्विस लेन की ओर पलट गई।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी, तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से हुआ हो सकता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इंदौरा अस्पताल पहुंचाए घायल
बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में घायल हुए 16 यात्रियों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से प्राथमिक उपचार देने के बाद सिविल अस्पताल इंदौरा पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य का उपचार जारी है।
पुलिस टीम ने चलाया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ इंदौरा संजीव कुमार यादव और थाना प्रभारी विशाल राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






