बंजार विधानसभा क्षेत्र में पहली ही बारिश ने मचाई भारी तबाही: शौरी
मौसम की पहली बरसात बंजार विधानसभा क्षेत्र पर कहर बनकर टूटी है। क्षेत्र की सैंज व गड़सा घाटी इस आपदा से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुई हैं। बंजार से विधायक सुरेंद्र शौरी ने वीरवार को गड़सा घाटी का दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ जिला परिषद सदस्या रुक्मणी देवी, उपमंडलाधिकारी कुल्लू तथा तहसीलदार भुंतर भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान विधायक ने बताया कि गड़सा नाले में आई बाढ़ से कई गांवों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कमरू, बहुगुणा, राउली और उषग गांवों के लिए बनी पुलिया पूरी तरह बह गई है, जिससे इन गांवों का संपर्क कट गया है। बोहरासेरी गांव को जोडऩे वाली संपर्क सड़क भी बाढ़ की भेंट चढ़ गई है। गड़सा मुख्य बाजार में मुख्य सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि निकटवर्ती स्कूल व स्वास्थ्य केंद्र के भवनों को नदी में बहने का खतरा मंडरा रहा है। इसके अतिरिक्त, मनिहार गांव के लिए बस योग्य मुख्य पुल भी बाढ़ में बह गया है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। विधायक शौरी ने कहा कि समय पर सूचना प्रेषण और स्थानीय प्रशासन की तत्परता से जनहानि को टालना संभव हो सका। उन्होंने एनएचपीसी प्रबंधन को मनिहार सड़क पर पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, प्रशासन को बाढ़ प्रभावित लोगों को तुरंत राहत पहुंचाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।












