हिमाचल में आधा रह गया सेब कारोबार, 1,000 करोड़ रुपये तक के नुकसान का अनुमान
हिमाचल प्रदेश में सेब कारोबार पर इस बार मौसम की मार पड़ी है। पिछले साल मंडियों में जहां करीब 2 करोड़ 65 लाख पेटियां पहुंची थीं, वहीं इस बार यह आंकड़ा डेढ़ करोड़ पेटियों तक सिमटने का अनुमान है। इससे प्रदेश की आर्थिकी को 800 से 1,000 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है। बागवानी विभाग के मुताबिक, सेब कारोबार इस बार करीब 2,500 करोड़ रुपये तक रह सकता है, जबकि सामान्य तौर पर यह 3,000 से 3,500 करोड़ रुपये के बीच रहता है। कम उत्पादन का असर सिर्फ बागवानों की कमाई पर ही नहीं, बल्कि परिवहन, पैकिंग, मजदूरी और स्थानीय बाजारों पर भी पड़ रहा है। कई बागवानों के सामने कर्ज की किस्तें चुकाने की चुनौती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, बेहतर दाम मिलने से नुकसान कुछ हद तक कम हुआ है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन सीजन समाप्त होने के बाद ही हो सकेगा।






