स्टोन क्रशर मामले में बड़ा अपडेट: विधायक आशीष शर्मा के भाई और चाचा का पुलिस रिमांड 2 दिन और बढ़ा
अनंत ज्ञान, हमीरपुर।
स्टोन क्रशर से जुड़े मामले में गिरफ्तार स्थानीय विधायक आशीष शर्मा के भाई उमेश शर्मा और चाचा प्रवीण का पुलिस रिमांड 2 दिन और बढ़ा दिया गया है। वीरवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस की मांग पर अदालत ने उन्हें दो दिन के अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
गौरतलब है कि बुधवार को दोनों ने कोर्ट में सरेंडर किया था, जिसके बाद उन्हें एक दिन का पुलिस रिमांड मिला था। इससे पहले पुलिस ने 7 दिन के रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उस समय केवल एक दिन की ही अनुमति दी थी। अब जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस को दो दिन का और समय मिला है।
एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज फिर से अदालत में पेश किया गया था, जहां से उनका रिमांड दो दिन और बढ़ा दिया गया है। अब शनिवार को उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत दोनों आरोपियों को चार सप्ताह के भीतर सरेंडर करना था। यह मामला सुजानपुर पुलिस स्टेशन में अगस्त 2025 में दर्ज हुआ था, जो स्टोन क्रशर से जुड़ी अनियमितताओं से संबंधित है। पुंग खड्ड क्षेत्र में लगे क्रशर की जांच के दौरान सामने आई बारीकियों के आधार पर पुलिस ने यह मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की थी।












