'भाजपा फोबिया' से ग्रस्त हो चुके हैं सीएम सुक्खू, हर बात के लिए BJP को ठहराते हैं जिम्मेदार : रणधीर शर्मा
उत्तर भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री बताए जाने वाली रिपोर्ट को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की प्रतिक्रिया पर अब भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पूरी तरह से "भाजपा फोबिया" से ग्रस्त हो चुके हैं और प्रदेश का कोई भी मुद्दा सामने आते ही बिना तथ्यों के भाजपा को दोषी ठहराने लगते हैं।
रणधीर शर्मा ने कहा कि हाल ही में एक गैर-सरकारी संस्था ने मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे के आधार पर रिपोर्ट जारी की, जिसमें उनकी संपत्ति करीब 7.80 करोड़ रुपये बताई गई और उन्हें उत्तर भारत के सबसे संपन्न मुख्यमंत्रियों में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस रिपोर्ट पर कोई आपत्ति नहीं जताई, बल्कि मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री भाजपा पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगा रहे हैं।
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सरकार को घेरा
भाजपा मीडिया प्रभारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेशवासियों पर लगातार नए कर और शुल्क लगाए हैं, जबकि फिजूलखर्ची और कथित भ्रष्टाचार के कारण हिमाचल की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी छवि बचाने के बजाय प्रदेश की वित्तीय स्थिति और जनता की परेशानियों पर ध्यान देना चाहिए।
'जो बिकने वाले हैं' बयान पर भी साधा निशाना
रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि "जो बिकने वाले हैं, वे बिक जाएं।" उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ऐसा कह रहे हैं तो यह उनकी अपनी पार्टी के नेताओं और विधायकों की निष्ठा पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने ही जनप्रतिनिधियों पर सार्वजनिक टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
भाजपा विधायक कांग्रेस में नहीं जाएंगे
रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि भाजपा के कुछ विधायक कांग्रेस में आना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक जनता की समस्याओं को लेकर सरकार से मिलते हैं, यह उनका लोकतांत्रिक दायित्व है और इसका अर्थ कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि आज कांग्रेस के भीतर निराशा का माहौल है और कई नेता एवं कार्यकर्ता भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होना चाहते हैं। रणधीर शर्मा ने कहा कि पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में जनता कांग्रेस सरकार को स्पष्ट संदेश दे चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनावों में भी इसका असर देखने को मिलेगा।






