सीएम सुक्खू का बड़ा ऐलान: IGMC में बनेगा अलग रिसर्च विंग, मेडिकल रिसर्च को मिलेगा बढ़ावा
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों में शोध कार्य को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि पहले चरण में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला में समर्पित रिसर्च विभाग स्थापित किया जाए। इसके बाद इस व्यवस्था को प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर शोध से इलाज की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे और रक्त जांच जैसी सुविधाएं मरीजों को बिना देरी उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने बताया कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज, चमियाना, आईजीएमसी शिमला और डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा में स्वचालित प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए 75 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इन लैब में एक ही रक्त नमूने से कई प्रकार की जांचें की जा सकेंगी और आवश्यक मशीनों की खरीद प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
बैठक में दवाओं की गुणवत्ता, अस्पतालों की जांच सुविधाओं और डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ के लिए बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए हर संभव सहयोग देगी तथा जल्द ही विभिन्न मेडिकल कॉलेजों का दौरा कर डॉक्टरों और शिक्षकों से सीधे संवाद भी करेंगे।






