हिमाचल में मानसून का कहर जारी: कुल्लू में बादल फटा, चंबा में नाले में बहने से युवती की मौत
शिमला/चंबा: हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार कहर बरपा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण बादल फटने, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है और कई जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुल्लू में बादल फटने की घटना से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
इसी बीच चंबा जिले से भी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सलूणी उपमंडल की संघणी पंचायत के प्रेढ़ गांव की रहने वाली युवती शबनम का शव शुक्रवार सुबह जलाड़ी के समीप सियूल नदी से बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार शबनम गुरुवार शाम जंगल से भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह उफनते नाले में गिरकर तेज बहाव में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने रातभर संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह जलाड़ी के पास सियूल नदी में उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।






