ऑपरेटरों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही सभा: दौलत
दी बिलासपुर जेपी उद्योग विस्थापित परिवहन सभा का वार्षिक साधारण अधिवेशन रविवार को लाड़ाघाट में आयोजित किया गया। अधिवेशन में सभा के भारी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया। सभा के प्रधान ने कहा कि विपक्ष ने इस अधिवेशन को रुकवाने के लिए न्यायालय का सहारा लिया, लेकिन अदालत का फैसला सभा के पक्ष में आया, जिससे यह अधिवेशन संभव हो सका। महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि किसी सदस्य को कोई समस्या है, तो वह सीधे सभा के समक्ष अपनी बात रखें, लेकिन जिस तरह से कुछ लोग लगातार सभा के खिलाफ कार्य कर रहे हैं, वह निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंच पर सभा का पूरा लेखाजोखा मांगा जा सकता है, पारदर्शिता बनाए रखी गई है।
ऑपरेटर की मृत्यु पर 8 लाख रुपए देगी सभा
दौलत ठाकुर ने कहा कि सभा ऑपरेटरों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। चाहे वह किराया निर्धारण का मुद्दा हो या गाडिय़ों की वापसी का सवाल, हर स्तर पर सभा ने ऑपरेटरों के पक्ष में आवाज उठाई है। उन्होंने बताया कि गाडिय़ों की पार्किंग के लिए प्रशासन और अल्ट्राटेक कंपनी से बातचीत चली हुई है। उन्होंने कहा कि सभा के आग्रह पर अब गाडिय़ों की पासिंग रानीकोटला में करवाई जा रही है, जिससे ऑपरेटरों को काफी सुविधा मिल रही है। सभा अपना पेट्रोल-डीजल पंप स्थापित करने की योजना बना रही है। पंप के लिए भूमि चयन और अन्य कागजात की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। सभा द्वारा अपना स्थायी भवन बनाने पर भी चर्चा की गई। भवन निर्माण के लिए भी जमीन चिन्हित करने और कानूनी प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया गया। सभा द्वारा पिछला पूरा लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। अधिवेशन में बड़ा निर्णय लिया कि यदि किसी ऑपरेटर की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार को सभा की ओर से 8 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी और जिस ऑपरेटर की अभी सभा मैं गाड़ी नहीं डली है, उसको 2 लाख रुपए सभा के द्वारा दिया जाएगा।












