कांगड़ा में नशा तस्करों पर होगा बड़ा प्रहार, SP कुलभूषण वर्मा ने संभाला कार्यभार
एचपीपीएस अधिकारी कुलभूषण वर्मा ने बुधवार को कांगड़ा जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, जिसे वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला धार्मिक, पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण केंद्र है। धर्मशाला सहित जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ ट्रैफिक प्रबंधन को भी प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान को जिले में और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। नशा तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उन क्षेत्रों पर विशेष नजर रखेगी जहां नशे के कारोबार की सूचनाएं मिलती हैं और दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा पुलिस की प्राथमिकताओं में लंबित मामलों और पेंडिंग जांचों का समयबद्ध निपटारा भी शामिल रहेगा। एसपी ने विश्वास जताया कि पुलिस टीम के सहयोग और जनता के समर्थन से जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा लोगों को सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।






