GenZ पर कंगना के बयान पर भड़के विक्रमादित्य, बोले-पहले तय करें, युवा देश का भविष्य हैं या कूड़ा-कचरा?
कुल्लू: "देश की राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर में नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को हटाने को लेकर हुए आंदोलन में लाखों युवाओं ने हिस्सा लिया. जिसके बाद इसकी गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से संपर्क किया और उन्हें फ्रेंड्स कहकर भी संबोधित किया, लेकिन हमारी बड़ी बहन आए दिन बिना सिर पैर के बयान देती रहती है. ऐसे में पहले उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि देश का युवा आने वाला भविष्य है या फिर वह कूड़ा कचरा है?" ये बाते कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कही.
पहले तय करे कि युवा देश का भविष्य या कूड़ा कचरा?
कंगना रनौत द्वारा जंतर मंतर पर युवाओं के आंदोलन को राजनीतिक बताने और युवाओं को कूड़ा कचरा कहने पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सांसद को घेरा कहा. विक्रमादित्य सिंह ने कहा, "सांसद कंगना रनौत आए दिन ऐसे ही बयान देती रहती है, जिसका कोई सिर पैर नहीं होता है. उन्हें पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर यह तय करना चाहिए कि देश के युवाओं के बारे में किस तरह का बयान देना चाहिए. वे पहले तय करें कि युवा देश का भविष्य या कूड़ा कचरा"
नीट पेपर लीक के खिलाफ GenZ ने किया प्रोटेस्ट
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा, लाखों युवाओं ने जंतर मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ अपना प्रदर्शन किया. हालांकि केंद्र सरकार के द्वारा उनके आंदोलन को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए और युवा अपनी आवाज उठाने में कामयाब रहे. ऐसे में सांसद कंगना रनौत को भी इस बात को गंभीरता से लेना चाहिए और उन्हें बयान देने से पहले यह सोचना चाहिए कि वह आखिर किसके लिए इस तरह का बयान दे रही हैं?






