150 करोड़ बकाया, मेडिकल बिल लंबित...अब आर-पार की लड़ाई के मूड में HRTC कर्मचारी!
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर बड़ा संकट मंडरा सकता है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक और परिचालक 25 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। चालक-परिचालक संघ ने इसके लिए सीधे तौर पर प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है।
कुल्लू के सरवरी बस अड्डा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ने कहा कि कर्मचारियों का पिछले 75 महीनों का भत्ता, जिसकी राशि करीब 150 करोड़ रुपये बनती है, अब तक लंबित है। इसके अलावा कर्मचारियों को कई वर्षों से वर्दियां नहीं मिली हैं और 20 करोड़ रुपये से अधिक के मेडिकल बिल भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।
संघ का आरोप है कि मांगों को लेकर कई बार सरकार और निगम प्रबंधन को अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। कर्मचारियों ने सरकार को 24 जून तक का अल्टीमेटम दिया है। यदि तब तक लंबित देनदारियों पर फैसला नहीं हुआ तो 25 जून से पूरे प्रदेश में HRTC बसों का संचालन प्रभावित हो सकता है।
संघ ने यह भी दावा किया कि कर्मचारियों को वर्ष 2017 से रात्रि ओवरटाइम भत्ता नहीं मिला है और एरियर की किस्तें भी अभी तक जारी नहीं की गई हैं। ऐसे में कर्मचारियों में भारी नाराजगी है, जो अब आंदोलन का रूप लेती दिख रही है।






