किन्नौर कैलास यात्रा पर रोक की मांग! देव आदेश के बाद देव समाज ने सरकार को सौंपा ज्ञापन
देव आदेश का हवाला देकर किन्नौर जिले में प्रस्तावित किन्नौर कैलास यात्रा पर रोक लगाने की मांग उठी है। देव समाज टुकपा खुनाडंग ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी तथा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर यात्रा पर पुनर्विचार करने और स्थानीय देव समाज के साथ चर्चा के बाद ही आगे बढ़ने की मांग की है।
देव समाज का दावा है कि किन्नौर कैलास क्षेत्र में प्रवेश से पहले देव आदेश लिया जाता है। इस बार विभिन्न गांवों के देवी-देवताओं ने यात्रा संचालन पर आपत्ति जताई है।
समाज का आरोप है कि वर्तमान यात्रा व्यवस्था के दौरान इन परंपराओं की अनदेखी हो रही है। पांच प्रमुख मांगें रखीं ज्ञापन में प्रशासन के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें देव आदेश के आधार पर किन्नौर कैलास यात्रा को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित करने, यात्रा के दौरान किसी अप्रिय घटना की स्थिति में प्रशासन और आयोजन समिति जिम्मेदारी तय करे, देव आदेश के उल्लंघन को स्थानीय धार्मिक आस्था के विरुद्ध मानने, धार्मिक परंपराओं और प्रकृति संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को संवैधानिक संरक्षण के अनुरूप सुरक्षित रखने और यात्रा आरंभ होने से पहले संबंधित गांवों और देव समाज संस्थाओं के साथ औपचारिक बैठक करना शामिल है।






