हमीरपुर में खड़ी टैक्सी बनी आग का गोला, लाखों का नुकसान
हमीरपुर जिले के ग्राम पंचायत नारा के तहत दरबोड़ क्षेत्र में रविवार रात एक टैक्सी रहस्यमयी परिस्थितियों में जलकर पूरी तरह राख हो गई। जानकारी के अनुसार, टैक्सी मालिक पवन कुमार ने अपनी गाड़ी को रात के समय दरबोड़ में खड़ा किया हुआ था। रात करीब 11 बजे अचानक वाहन में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई।
आग लगने का पता चलते ही मालिक मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि किसी को सफलता नहीं मिल सकी। कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जल गया और सिर्फ उसका ढांचा ही बाकी रह गया।
बताया जा रहा है कि गाड़ी के अंदर करीब 15 हजार रुपये नकद, वाहन के जरूरी कागजात, आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए। इस अग्निकांड में टैक्सी मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। खास बात यह है कि यह वाहन करीब तीन वर्ष पहले ही खरीदा गया था।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं, आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












