भटियात में सड़क विस्तार को 200 करोड़ की 144 परियोजनाएं प्रस्तावित: पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के सभी गांव को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगभग 200 करोड़ की धन राशि के 144 परियोजना प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। ग्राम पंचायत साढल के रताड़ी गांव में रविदास महासभा भटियात द्वारा आयोजित प्रेरणा दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। पठानिया ने इस दौरान सामुदायिक भवन निर्माण एवं परिसर के विस्तार कार्यों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने विभागीय प्राक्कलन के आधार पर आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों को कबीर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए लोगों को संत रविदास एवं कबीर की शिक्षाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान भी किया। पठानिया ने जनसभा को संबोधित करते हुए भटियात विधानसभा क्षेत्र में जारी विकासात्मक परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी गांव को अगले दो वर्षों में सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए लगभग 200 करोड़ की धन राशि से छोटी-बड़ी सड़कों के 144 परियोजना प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके साथ में उन्होंने ये भी कहा कि निर्माणाधीन 35 से अधिक संपर्क सड़कों का अधिकांश कार्य पूर्ण किया जा चुका है, इनका जल्दी लोकार्पण किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों की मांग पर कहा कि इस क्षेत्र के साढल, सारना, सालोह, दौंठ, जांबल, रताड़ी आदि गांवों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू एवं सुदृढ़ बनाने के लिए 4 करोड़ 50 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जा रही है। साथ में उन्होंने रताड़ी गांव को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को विभागीय प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए। कुलदीप सिंह पठानिया ने रविदास महासभा द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याओं को भी सुना तथा अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया।












