ADR रिपोर्ट का खुलासा: उत्तर भारत के सबसे अमीर CM हैं हिमाचल के सुखविंदर सुक्खू, इतने करोड़ है संपत्ति
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट में उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति और आय को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। एडीआर ने देश के 28 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति, आय और आपराधिक मामलों का विश्लेषण किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर भारत में सबसे अधिक संपत्ति हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास है। उनकी कुल घोषित संपत्ति 7 करोड़ 81 लाख रुपये है। वहीं, उन पर करीब 22 लाख रुपये की देनदारी भी दर्ज है। सुक्खू पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उनकी स्वयं की वार्षिक आय करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।
इस सूची में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दूसरे स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 5 करोड़ 80 लाख रुपये है, जबकि उन पर करीब 74 लाख रुपये की देनदारी है। रिपोर्ट के अनुसार, सैनी ग्रेजुएट हैं और उनकी वार्षिक आय करीब 13 लाख रुपये है। वे स्टोन क्रशर व्यवसाय से भी जुड़े हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 5 करोड़ 31 लाख रुपये बताई गई है, जबकि उन पर 1 करोड़ 20 लाख रुपये की देनदारी है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संपत्ति 4 करोड़ 64 लाख रुपये है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कुल संपत्ति 1 करोड़ 54 लाख रुपये और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की संपत्ति 1 करोड़ 46 लाख रुपये बताई गई है।
सुक्खू के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज
एडीआर रिपोर्ट में मुख्यमंत्रियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों का भी जिक्र किया गया है। इसके अनुसार, उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों में हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ सबसे ज्यादा मामले दर्ज हैं। उनके खिलाफ चार आपराधिक मामले लंबित हैं।
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ एक मामला दर्ज है, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
एडीआर की यह रिपोर्ट चुनावी हलफनामों में दी गई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें मुख्यमंत्रियों की संपत्ति, देनदारी, शिक्षा और आपराधिक रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया है।






